केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के बल्ले से लगे शॉट से घायल हुए बीजेपी कार्यकर्ता, क्रिकेट स्टेडियम के उद्घाटन में हुआ हादसा
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया बुधवार को मध्य प्रदेश के रीवा जिले में मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के नवनिर्मित क्रिकेट स्टेडियम का लोकार्पण करने पहुंचे थे। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी का एक कार्यकर्ता घायल हो गया।
दरअसल बुधवार को क्रिकेट स्टेडियम का लोकार्पण के दौरान एक मैच का आयोजन किया गया था। जिसमें केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया क्रिकेट खेल रहे थे। तभी क्रिकेट के मैदान पर उनके बल्ले से लगाए गए शॉट से एक भाजपा कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गया है।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जैसे ही शॉट लगाया, वैसे ही बॉल भाजपा कार्यकर्ता के सिर में जा लगी, इससे कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के तुरंत बाद सिंधिया ने बीजेपी कार्यकर्ता को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया था। खुद केंद्रीय मंत्री ने अस्पताल पहुंच कर उनका हाल चाल जाना था। संजय गांधी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी अलख प्रकाश ने कहा कि क्रिकेट स्टेडियम के उद्घाटन समारोह के दौरान, एक मैच चल रहा था और ज्योतिरादित्य सिंधिया बल्लेबाजी कर रहे थे। अचानक उनके बल्ले से निकली एक गेंद एक व्यक्ति की दाहिनी आंख में लगी जो की एक भाजपा कार्यकर्ता हैं।