Hindi Newsportal

उप्र: भाजपा विधायक जन्मेजय सिंह का निधन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक

0 574

उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले की सदर सीट से भाजपा विधायक जन्मेजय सिंह का गुरुवार देर रात लखनऊ में हार्ट अटैक से निधन हो गया। उनकी उम्र 75 वर्ष थी। उनके निधन की खबर से शोक की लहर दौड़ गयी। जन्मेजय सिंह विधानसभा के मानसून सत्र में शामिल होने देवरिया से लखनऊ आए थे। वो सदन की पहले दिन की कार्यवाही में ऑनलाइन शामिल हुए थे।

गौरतलब है कि करीब चार महीने पहले भी जन्मेजय सिंह को माइनर अटैक आया था, जिसके बाद से ही उनकी हालत थोड़ी नाज़ुक थी। बीती रात (20 अगस्त) में उनकी तबीयत खराब होने पर पहले सिविल अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद रात दस बजे हालत बिगड़ने पर उन्हें लोहिया संस्थान रेफर कर दिया गया। यहां मेडिसिन के डॉक्टरों ने देखकर कार्डियोलॉजी विभाग रेफर किया।

लोहिया संस्थान के प्रवक्ता और एमएस डॉ. विक्रम सिंह ने बताया कि पेस मेकर लगाने के दौरान ही उनकी मौत हो गई। उन्हें हार्ट अटैक आया था। इससे पहले सिविल अस्पताल में उनकी कोरोना वायरस संक्रमण की रिपोर्ट नेगेटिव आई थी।

ये भी पढ़े : हरतालिका तीज व्रत आज, जानें इसकी विशेषता, महत्व और शुभ मुहृत

वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा विधायक के अकस्मिक निधन पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने कहा कि “जन्मेजय सिंह एक समर्पित जनप्रतिनिधि थे। वह अपने क्षेत्र के विकास के लिए सदैव तैयार रहते थे। समाज के गरीब व कमजोरों के हितों के प्रति संवेदनशील थे। इनके निधन से पार्टी ने एक सच्चा कार्यकर्ता और जनता ने अपना एक हितैषी खो दिया है।”

वहीं उनके निधन पर अखिलेश यादव सहित कई नेताओं और लोगों ने शोक व्यक्त किया।

बता दे कि उप्र के देवरिया सदर से भाजपा विधायक जन्मेजय सिंह का जन्म सात जुलाई, 1945 को देवरिया में ही हआ था । उनके तीन बेटे और चार बेटियां हैं। वह उत्तर प्रदेश की 16वीं और 17वीं विधानसभा के सदस्य रहे। उन्होंने दो बार भारतीय जनता पार्टी के सदस्य के रूप में देवरिया निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व भी किया है ।

Click here for Latest News updates and viral videos on our AI-powered smart news

For viral videos and Latest trends subscribe to NewsMobile YouTube Channel and Follow us on Instagram